1.35 करोड़ की CCL से 45 महिला समूहों को मिला आर्थिक संबल,बड़वारा में सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान वितरित हुए कैश क्रेडिट लिमिट के चेक, कारोबार और आजीविका विस्तार को मिलेगी नई गति
कलयुग की कलम से राकेश यादव

1.35 करोड़ की CCL से 45 महिला समूहों को मिला आर्थिक संबल,बड़वारा में सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान वितरित हुए कैश क्रेडिट लिमिट के चेक, कारोबार और आजीविका विस्तार को मिलेगी नई गति
कलयुग की कलम कटनी – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बड़वारा में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र की महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान 45 स्व-सहायता समूहों को कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट (CCL) के चेक वितरित किए गए। चेक विधानसभा बड़वारा के विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा समूह की महिला सदस्यों को प्रदान किए गए।
कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व एवं जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान समूहों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों और उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कारोबार बढ़ाने में काम आएगी CCL राशि
ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक एवं जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी ने बताया कि CCL के माध्यम से समूहों को व्यवसाय और आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए कार्यशील पूंजी उपलब्ध होगी। समूह इस राशि का उपयोग कच्चे माल की थोक खरीदी, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, पैकेजिंग, विपणन तथा नई आजीविका गतिविधियां शुरू करने में कर सकेंगे।
इससे समूहों के उत्पादन और बिक्री को बढ़ावा मिलने के साथ महिला सदस्यों की आय में वृद्धि के अवसर भी विकसित होंगे।
मशरूम से मसालों तक, स्टॉल पर दिखी महिला उद्यमिता
कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। यहां मशरूम, मशरूम पाउडर, मशरूम अचार, मशरूम बिस्कुट, धनिया पाउडर, विभिन्न मसाले, घी और दाल सहित कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे इन उत्पादों ने ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार और सामूहिक उद्यम की तस्वीर प्रस्तुत की।
बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ेंगे समूह, बढ़ेगी ऋण क्षमता
CCL सुविधा मिलने से स्व-सहायता समूहों की बैंकिंग गतिविधियों और क्रेडिट हिस्ट्री को मजबूत करने में मदद मिलेगी। समय पर वित्तीय लेन-देन और ऋण का नियमित पुनर्भुगतान करने से भविष्य में समूहों के लिए अधिक बैंक ऋण प्राप्त करने की क्षमता विकसित हो सकेगी।
वहीं, समूह के सदस्यों को जरूरत के समय आंतरिक ऋण की सुविधा उपलब्ध होने से अनौपचारिक एवं महंगे ऋण स्रोतों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी। CCL वितरण को ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर कटनी, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बड़वारा, मंडल अध्यक्ष बड़वारा अनुराग गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विलायतकला अजय सोनी, सूर्यप्रताप बघेल, बीएम अमित सिंह, महेंद्र तिवारी सहित NRLM टीम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।



