प्रशासनमध्यप्रदेश

बिना सूचना गांव पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, ग्राम सभा में महिलाओं की सक्रियता देख हुईं प्रसन्न,पिलौंजी में हरसिमरनप्रीत कौर ने महिलाओं से किया सीधा संवाद, कहा—गांव के विकास में आपकी भागीदारी बेहद जरूरी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिना सूचना गांव पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, ग्राम सभा में महिलाओं की सक्रियता देख हुईं प्रसन्न,पिलौंजी में हरसिमरनप्रीत कौर ने महिलाओं से किया सीधा संवाद, कहा—गांव के विकास में आपकी भागीदारी बेहद जरूरी

कलयुग की कलम कटनी – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत पिलौंजी में आयोजित ग्राम सभा उस समय खास बन गई, जब जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर बिना पूर्व सूचना के अचानक ग्राम सभा में पहुंचीं। जिला पंचायत सीईओ को अपने बीच देखकर ग्रामीण और महिलाएं आश्चर्यचकित रह गए। ग्राम सभा में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी और उनकी सक्रिय सहभागिता देखकर श्रीमती कौर ने प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को गांव के विकास के लिए सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि जब महिलाएं ग्राम सभा में अपनी बात रखती हैं, तो स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को बेहतर ढंग से सामने लाने में मदद मिलती है।

महिलाओं से आमने-सामने किया संवाद

ग्राम सभा के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने उपस्थित महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्राम सभा के महत्व, पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों तथा स्थानीय निर्णय प्रक्रिया में ग्रामीणों की भूमिका को लेकर चर्चा की। उन्होंने महिलाओं से अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर ग्राम सभा में रखने का आग्रह किया।

श्रीमती कौर ने महिलाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांव की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ग्रामीणों से सीधे मिलना विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में उपयोगी होता है।

ग्राम सभा को बताया पंचायती राज की मजबूत कड़ी

जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि ग्राम सभा पंचायती राज व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गांव में किन विकास कार्यों की आवश्यकता है, स्थानीय समस्याओं का समाधान किस तरह किया जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक कैसे पहुंचे, इसमें ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव की वास्तविक आवश्यकताओं को सामने लाने में और अधिक मदद मिलती है।

रिफॉर्म उत्सव सहित कई विषयों पर चर्चा

ग्राम सभा में निर्धारित एजेंडे के साथ स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। रिफॉर्म उत्सव, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं और विकास संबंधी मुद्दों पर जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों से जानकारी ली। सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप जनभागीदारी बढ़ाने, ग्रामीणों को जागरूक करने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत अमला, ग्रामीणजन एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button