207 फरियादियों की आवाज बने कलेक्टर श्री तिवारी, जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं,भूमि विवाद से लेकर राशन, बिजली बिल और किसान सम्मान निधि तक पहुंचे आवेदन, अधिकारियों को समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

207 फरियादियों की आवाज बने कलेक्टर श्री तिवारी, जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं,भूमि विवाद से लेकर राशन, बिजली बिल और किसान सम्मान निधि तक पहुंचे आवेदन, अधिकारियों को समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 207 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की बात धैर्यपूर्वक सुनने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का तथ्यात्मक परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में समग्र आईडी, भूमि विवाद, राशन, विद्युत बिल, किसान सम्मान निधि, हाट बाजार में दुकान के लिए स्थान आवंटन और भूमि पर कब्जे सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
किसान सम्मान निधि दिलाने की मांग
ग्राम सिनगौड़ी निवासी शिव कुमार सेन ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं मुड़वारा, कटनी निवासी नश्बद भुमिया ने विद्युत बिल में अधिक राशि आने की शिकायत करते हुए मीटर की जांच कराने और बिल में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग रखी।
हाट बाजार में स्थान और जमीन पर कब्जे का मामला
ग्राम हर्रैया निवासी आलोक कुमार सोनी ने गांव में लगने वाले हाट बाजार में दुकान लगाने के लिए स्थान आवंटित कराने का आवेदन दिया। ग्राम छपरा निवासी रामजी कलार ने बताया कि भूमि का विक्रय पत्र पंजीकृत कराने के बाद मौके पर किसी अन्य व्यक्ति का कब्जा मिला है। उन्होंने भूमि के लिए भुगतान की गई राशि एवं अन्य खर्च वापस दिलाने के साथ मामले की जांच कराने की मांग की।
इसी प्रकार ग्राम बड़खेरा निवासी अरविन्द कुमार लोधी ने अपनी पुत्री अंशिका लोधी की समग्र आईडी को पिता की समग्र आईडी से डी-लिंक कराने का आवेदन दिया। वहीं बड़खेरा निवासी संतोष कौल ने पात्रता पर्ची जारी कराने की मांग रखी।
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समय-सीमा के भीतर प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए उन्हें समाधान की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।



