एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

ढीमरखेड़ा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में वन अधिकार की आस में बैठे सैकड़ों आदिवासी परिवारों की आवाज कलेक्टर तक पहुंची,जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ने कलेक्टर आशीष तिवारी से की मुलाकात, पात्र हितग्राहियों के आवेदनों के शीघ्र निराकरण की उठाई मांग

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में वन अधिकार की आस में बैठे सैकड़ों आदिवासी परिवारों की आवाज कलेक्टर तक पहुंची,जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ने कलेक्टर आशीष तिवारी से की मुलाकात, पात्र हितग्राहियों के आवेदनों के शीघ्र निराकरण की उठाई मांग

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – ढीमरखेड़ा विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में वन अधिकार पट्टे की प्रतीक्षा कर रहे गोंड आदिवासी परिवारों के हक और अधिकार का मुद्दा अब जिला प्रशासन के समक्ष पहुंचा है। जिला पंचायत के वरिष्ठ सदस्य एवं मध्यप्रदेश जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय गोटिया ने सोमवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी से मुलाकात कर पात्र आदिवासी परिवारों को वन अधिकार अधिनियम के तहत लाभ दिलाने की मांग रखी।

श्री गोटिया ने कलेक्टर को ढीमरखेड़ा क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि बड़ी संख्या में गोंड आदिवासी परिवार लंबे समय से वन अधिकार पट्टा प्राप्त करने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का पुनः भौतिक सत्यापन एवं आवश्यक परीक्षण कराकर नियमानुसार उनके आवेदनों का निराकरण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पात्र आवेदनों की जांच कर होगी नियमानुसार कार्रवाई

मुलाकात के दौरान कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने वन अधिकार पट्टे से संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों की नियमों के अनुरूप जांच एवं परीक्षण कराया जाएगा तथा पात्र पाए जाने वाले प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी प्रकरणों की आवश्यक जांच-पड़ताल कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

लंबे समय से प्रक्रिया में जुड़े हैं परिवार

जिला पंचायत सदस्य श्री अजय गोटिया ने कहा कि ढीमरखेड़ा विकासखंड के अनेक आदिवासी परिवार वन अधिकार अधिनियम के तहत अपने अधिकार का लाभ पाने की प्रक्रिया में लंबे समय से जुड़े हुए हैं। ऐसे में पात्र परिवारों के प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण और समयबद्ध निराकरण होने से उन्हें उनके अधिकार का लाभ मिल सकेगा।

मुलाकात के दौरान जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक श्री विमल चौरसिया भी उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button