गांवों में नल-जल योजनाओं के संचालन को मिलेगी रफ्तार,पंचायतों को योजनाओं का हस्तांतरण जल्द पूरा कराने के निर्देश, जिला पंचायत सीईओ कौर ने जनपद सीईओ को सौंपी जिम्मेदारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांवों में नल-जल योजनाओं के संचालन को मिलेगी रफ्तार,पंचायतों को योजनाओं का हस्तांतरण जल्द पूरा कराने के निर्देश, जिला पंचायत सीईओ कौर ने जनपद सीईओ को सौंपी जिम्मेदारी
कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित और सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले में संचालित नल-जल योजनाओं के ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नल-जल योजनाओं के ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण से संबंधित प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का संचालन, रखरखाव और निगरानी स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर लंबित औपचारिकताओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण आबादी को पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने में नल-जल योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्राम पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर हस्तांतरण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
सुश्री कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें और आवश्यकतानुसार फील्ड विजिट कर जमीनी स्थिति का जायजा लें। साथ ही, जहां भी कोई तकनीकी, प्रशासनिक अथवा संचालन संबंधी समस्या सामने आए, उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिला पंचायत सीईओ ने निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को बेहतर एवं नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना है। इसलिए हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाए।



