प्रशासनमध्यप्रदेश

गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा,गणेश विसर्जन पर प्रशासन अलर्ट, घाटों से लेकर विसर्जन मार्ग तक रहेगी कड़ी निगरानी,कलेक्टर आशीष तिवारी ने लिया तैयारियों का जायजा, रोशनी-बैरिकेडिंग से लेकर तैराक, होमगार्ड और सीसीटीवी तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा,गणेश विसर्जन पर प्रशासन अलर्ट, घाटों से लेकर विसर्जन मार्ग तक रहेगी कड़ी निगरानी,कलेक्टर आशीष तिवारी ने लिया तैयारियों का जायजा, रोशनी-बैरिकेडिंग से लेकर तैराक, होमगार्ड और सीसीटीवी तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित बैठक में विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा इंतजामों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को मौके पर भी परखा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इन घाटों पर होगी प्रतिमाओं की विसर्जन व्यवस्था

एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बैठक में बताया कि जिले में गाटरघाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुण्ड, पीरबाबा, गुलवारा घाट, रपटा घाट, सुरखी टैंक, बाबा घाट और छपरवाह घाट सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की गई है।

घाटों पर रोशनी और बैरिकेडिंग होगी अनिवार्य

कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी विसर्जन कुंड और घाटों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी को आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पीए सिस्टम, कंट्रोल रूम और अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था के लिए तहसीलदारों को ग्राम पंचायतों एवं नगर परिषदों के साथ समन्वय करने को कहा गया।

तैराक और होमगार्ड रहेंगे तैनात, लाइफ जैकेट भी उपलब्ध

विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित तैराकों और होमगार्ड जवानों की पर्याप्त संख्या में तैनाती के निर्देश दिए गए। आवश्यकतानुसार लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध रखने को कहा गया। अधिक भीड़ और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

विसर्जन मार्गों पर यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

कलेक्टर और एसपी ने विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। संकरे एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, पार्किंग और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। नदी और तालाब के किनारों पर सुरक्षित दूरी तक बैरिकेडिंग कर लोगों के आवागमन को नियंत्रित करने पर भी जोर दिया गया।

विसर्जन पूरा होने तक मैदान में मौजूद रहेगा अमला

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रतिमा विसर्जन शुरू होने से लेकर पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक संबंधित विभागों का स्थानीय अमला विसर्जन स्थलों पर तैनात रहे। प्रतिमाओं का सुरक्षित एवं समयबद्ध विसर्जन कराने के साथ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ तथा वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

लटकते बिजली के तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश

कलेक्टर ने विद्युत विभाग को शहर में लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए विद्युत सुरक्षा के इंतजामों को प्राथमिकता देने को कहा गया, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button