ढीमरखेड़ा व्यवहार न्यायालय में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा,न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ी,स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग को किया नमन, न्यायालय परिसर में किया पौधरोपण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा व्यवहार न्यायालय में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा,न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ी,स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग को किया नमन, न्यायालय परिसर में किया पौधरोपण
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ढीमरखेड़ा स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में न्यायालय से जुड़े अधिवक्ता, पुलिसकर्मी एवं न्यायालयीन स्टाफ सहित अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना रहा।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया याद
ध्वजारोहण के पश्चात न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। ऐसे में राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
न्यायिक दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश
न्यायाधीश ने उपस्थित न्यायालयीन स्टाफ, अधिवक्ताओं एवं पुलिसकर्मियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना ही देश और समाज के प्रति सच्ची सेवा है।
न्यायालय परिसर में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के समापन अवसर पर न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस की भावना को सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए सभी को राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।



