प्रशासनमध्यप्रदेश

तिरंगे की शान में निकली कटनी पुलिस की भव्य बाइक रैली,एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने खुद संभाली कमान, पुलिस जवानों और स्कूली बच्चों ने लगाए देशभक्ति के जयकारे

कलयुग की कलम से राकेश यादव

तिरंगे की शान में निकली कटनी पुलिस की भव्य बाइक रैली,एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने खुद संभाली कमान, पुलिस जवानों और स्कूली बच्चों ने लगाए देशभक्ति के जयकारे

कलयुग की कलम कटनी – राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कटनी पुलिस ने शहर में भव्य वाहन रैली निकालकर देशप्रेम का संदेश दिया। रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) से शुरू हुई इस रैली में पुलिस अधिकारियों, जवानों और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों और पुलिसकर्मियों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं बाइक चलाकर किया। एसपी के हाथ में तिरंगा देखकर पुलिस जवानों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। रैली के दौरान जगह-जगह भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बढ़ाया उत्साह

वाहन रैली में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक अजाक्स शिवा पाठक, निरीक्षक संजय दुबे, अनूप सिंह, राखी पाण्डेय, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, उमेश दुबे, संजीव रावत, अंजू लकड़ा तथा सूबेदार सोनम उइके सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान रैली में शामिल रहे।

तिरंगा थामे बच्चों ने बढ़ाई रैली की रौनक

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर आयोजित इस रैली में विभिन्न थानों से आए पुलिस जवानों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और उनके जोशीले नारों ने रैली को खास बना दिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती रैली को देखने के लिए नागरिक भी बड़ी संख्या में सड़कों के किनारे नजर आए।

रैली के मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने तालियों और देशभक्ति के नारों के साथ पुलिस दल एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस दौरान पूरा शहर कुछ समय के लिए तिरंगे और राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।

एसपी बोले—तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि राष्ट्रध्वज प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना भी है। पुलिस की यह पहल अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रयास है।

कटनी पुलिस की इस पहल ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button