प्रशासनमध्यप्रदेश

उज्ज्वला सखियों को मिला नया मिशन, गांवों में महिलाओं के हाथों बढ़ेगा रोजगार और स्वच्छ ऊर्जा का उजाला,एलपीजी सेवाओं से जुड़ेंगी ग्रामीण महिलाएं, गैस सुरक्षा से लेकर नए कनेक्शन और रिफिल तक निभाएंगी अहम भूमिका

कलयुग की कलम से राकेश यादव

उज्ज्वला सखियों को मिला नया मिशन, गांवों में महिलाओं के हाथों बढ़ेगा रोजगार और स्वच्छ ऊर्जा का उजाला,एलपीजी सेवाओं से जुड़ेंगी ग्रामीण महिलाएं, गैस सुरक्षा से लेकर नए कनेक्शन और रिफिल तक निभाएंगी अहम भूमिका

कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और गांव-गांव तक स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की पहुंच मजबूत करने की दिशा में कटनी जिले में उज्ज्वला सखी योजना को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के संयुक्त समन्वय से विशेष प्रशिक्षण एवं बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी के प्रयासों से आयोजित बैठक में जिले के NRLM स्टाफ के साथ उद्यम सखियों ने सहभागिता की।

गांव की महिलाओं को मिलेगा उद्यमिता का अवसर

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि उज्ज्वला सखियां ग्रामीण परिवारों को एलपीजी सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगी। पात्र परिवारों को नए गैस कनेक्शन की जानकारी देने, रिफिल को बढ़ावा देने, गैस के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा भारत गैस से संबंधित सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका रहेगी।

इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को केवल योजना की जानकारी देने तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्वरोजगार और छोटे उद्यम के अवसरों से जोड़ना भी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

प्रोत्साहन राशि और कार्यप्रणाली की दी जानकारी

बैठक में उज्ज्वला सखियों के कार्य, जिम्मेदारियों और योजना के संचालन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। कार्य के आधार पर मिलने वाले प्रोत्साहन एवं इंसेंटिव की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी प्रभावी निगरानी एवं क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विशेषज्ञों ने गैस के सुरक्षित इस्तेमाल, उपभोक्ता सेवाओं और ग्रामीण परिवारों में स्वच्छ ईंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने साझा किए अनुभव

प्रशिक्षण में भारत गैस भिटौनी, जबलपुर के टेरेटरी मैनेजर महेंद्र एस. दलवी, जिला सेल्स अधिकारी रेनू वर्मा, भारत गैस डिस्ट्रीब्यूटर स्लीमनाबाद के संजय जैन, मुड़वारा के मनोज गर्ग तथा बिलहरी के अनुज वर्मा की उपस्थिति रही। विषय विशेषज्ञों ने उज्ज्वला सखियों की भूमिका और ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की उपयोगिता को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की।

महिला सशक्तिकरण के साथ स्वच्छ ऊर्जा को मिलेगा बल

बैठक में उद्यम सखियों ने योजना से जुड़े सवालों और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। उन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए योजना को ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

उज्ज्वला सखी पहल को ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर खोलने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही गांवों में एलपीजी के सुरक्षित उपयोग और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ने से महिलाओं और परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button