प्रशासनमध्यप्रदेश

घुटनों के बल बैठकर बच्चों से मिले कलेक्टर: विशेष विद्यार्थियों की प्रतिभा और मुस्कान ने जीत लिया हर दिल,ब्रेल अबेकस और सांकेतिक भाषा से बच्चों ने दिखाई अद्भुत क्षमता, कलेक्टर ने कहा— हर बच्चे को मिले आगे बढ़ने का समान अवसर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

घुटनों के बल बैठकर बच्चों से मिले कलेक्टर: विशेष विद्यार्थियों की प्रतिभा और मुस्कान ने जीत लिया हर दिल,ब्रेल अबेकस और सांकेतिक भाषा से बच्चों ने दिखाई अद्भुत क्षमता, कलेक्टर ने कहा— हर बच्चे को मिले आगे बढ़ने का समान अवसर

कलयुग की कलम कटनी – प्रेमनगर स्थित सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों) छात्रावास में शुक्रवार का दिन संवेदनशीलता, आत्मीयता और प्रेरणा से भरपूर रहा। निरीक्षण के लिए पहुंचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने औपचारिकता से अलग हटकर सीधे बच्चों की कक्षा में पहुंचकर उनके बीच घुटनों के बल बैठकर संवाद किया। कलेक्टर के इस सहज और आत्मीय व्यवहार से बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा वातावरण अपनत्व से भर गया।

कलेक्टर ने विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। बच्चों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह मुलाकात केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास और उनके सपनों को नई ऊर्जा देने वाला प्रेरक अवसर बन गई।

ब्रेल और अबेकस से दिखाई असाधारण क्षमता

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों साहिल काछी, अनुराग यादव, अजय पटेल, रोहित बर्मन, मनीष सपेरा और पर्वत सिंह ने ब्रेल लिपि के माध्यम से पढ़ने-लिखने की अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अबेकस और टेलर फ्रेम की सहायता से गणितीय प्रश्नों का तेज़ और सटीक समाधान प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं डेज़ी प्लेयर, स्मार्टफोन और की-बोर्ड के माध्यम से अध्ययन की आधुनिक पद्धतियों का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने साबित किया कि उचित संसाधन और अवसर मिलने पर कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती।

सांकेतिक भाषा बनी आत्मविश्वास की पहचान

श्रवणबाधित विद्यार्थियों ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से अपने विचार और भावनाएं प्रभावशाली ढंग से व्यक्त कीं। उनकी प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि संवाद केवल शब्दों से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और सीखने की इच्छा से भी स्थापित होता है। उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों की इस प्रतिभा की सराहना की।

उपहार से बढ़ाया उत्साह

बच्चों की लगन और प्रतिभा से प्रभावित होकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने उन्हें कॉपी, पेन, चॉकलेट और बिस्किट भेंट किए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सुविधाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में संचालित रिसोर्स सेंटर, जूडो सेंटर और फिजियोथेरेपी सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष आवश्यकता वाले प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और आवश्यक सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रेम नारायण तिवारी, एपीसी (आईईडी) श्री अनिल त्रिपाठी, छात्रावास वार्डन श्री सुरेश कुमार धाकड़, सहायक वार्डन श्री अवनीश तिवारी, लेखापाल श्री अतुल बड़गैया, छात्रावास का स्टाफ तथा साइटसेवर्स इंडिया की टीम उपस्थित रही।

Related Articles

Back to top button