महर्षि वैदिक परंपरा का भव्य संगम: 29 जुलाई को करौंदी में मनाया जाएगा श्री गुरुपूर्णिमा महोत्सव, वैदिक अनुष्ठानों के साथ जुटेंगे श्रद्धालु
कलयुग की कलम से राकेश यादव

महर्षि वैदिक परंपरा का भव्य संगम: 29 जुलाई को करौंदी में मनाया जाएगा श्री गुरुपूर्णिमा महोत्सव, वैदिक अनुष्ठानों के साथ जुटेंगे श्रद्धालु
कटनी मध्यप्रदेश
कलयुग की कलम उमरिया पान – महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय एवं महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ, करौंदी द्वारा 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को श्री गुरुपूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर स्थित “पतंजलि यज्ञमण्डपम्” ब्रह्मस्थान में आयोजित इस महोत्सव में गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, वैदिक संस्कृति तथा आध्यात्मिक चेतना का विशेष संदेश दिया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, वैदिक विद्वानों एवं गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य श्री ब्रह्मानन्द सरस्वती जी तथा ब्रह्मलीन महर्षि महेश योगी जी के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर होगा। कार्यक्रम में उनके आध्यात्मिक योगदान, भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद विज्ञान, ध्यान एवं मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया जाएगा। साथ ही आगामी समय में वैदिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार और विश्व शांति के संकल्प को भी दोहराया जाएगा।
कार्यक्रम का पहला सत्र प्रातः 7:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें वैदिक विद्वानों द्वारा अतिरुद्राभिषेक सम्पन्न कराया जाएगा। इसके बाद दूसरा सत्र प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। इस सत्र में गुरु परंपरा पूजन, वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलन, वेद पाठ, अतिथियों का पारंपरिक स्वागत, स्वागत उद्बोधन तथा विशिष्ट अतिथियों के प्रेरक संबोधन होंगे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया जाएगा।
महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय एवं महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ ने सभी श्रद्धालुओं, पूर्व विद्यार्थियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन भारतीय वैदिक संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।



