सरकारी कर्मचारियों के लिए सुनहरा अवसर: मैसूर और बेंगलुरु में लगेंगे ‘आनंद शिविर’, पंजीयन शुरू,तनाव प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सरकारी कर्मचारियों के लिए सुनहरा अवसर: मैसूर और बेंगलुरु में लगेंगे ‘आनंद शिविर’, पंजीयन शुरू,तनाव प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य तथा कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य आनंद संस्थान द्वारा आयोजित आनंद शिविर के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में पात्र शासकीय सेवकों का ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार पहला आनंद शिविर 18 से 21 अगस्त 2026 तक एएनएसएसआईआरडी (ANSSIRD), मैसूर (कर्नाटक) में आयोजित होगा, जबकि दूसरा शिविर 7 से 10 सितंबर 2026 तक आर्ट ऑफ लिविंग, बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। दोनों प्रशिक्षण शिविरों में 40-40 प्रतिभागियों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवकों में सकारात्मक कार्य संस्कृति, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक सुदृढ़ता, नेतृत्व क्षमता तथा कार्य दक्षता का विकास करना है, जिससे वे अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने बताया कि राज्य आनंद संस्थान की इस योजना के तहत प्रत्येक शासकीय सेवक को अपने पूरे सेवा काल में केवल एक बार आनंद शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित प्रारूप में स्व-घोषणा पत्र भरकर अपने नियंत्रणकर्ता अधिकारी से लिखित अनुमति प्राप्त करेंगे और इसके बाद संस्थान की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन करेंगे।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को यात्रा एवं दैनिक भत्ते का भुगतान संबंधित विभाग द्वारा प्रचलित नियमों और पात्रता के अनुसार किया जाएगा। यदि कोई प्रतिभागी अपने पति या पत्नी को साथ ले जाना चाहता है, तो निर्धारित शर्तों के अनुसार प्रशिक्षण शुल्क का 50 प्रतिशत स्वयं वहन करना होगा।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों से समय सीमा के भीतर पंजीयन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। यह पहल शासकीय सेवकों के व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



