ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी पहल: ओएसआर बढ़ाने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित, सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी पहल: ओएसआर बढ़ाने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित, सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
कलयुग की कलम कटनी – ग्राम पंचायतों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने और स्वयं के स्रोतों से राजस्व (ओन सोर्स रेवेन्यू-ओएसआर) में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत कटनी ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने ओएसआर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए जिला स्तरीय समिति का गठन किया है।
जारी आदेश के अनुसार आरजीएसए के जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार नामदेव को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रत्येक विकासखंड में आरजीएसए के संबंधित ब्लॉक कोऑर्डिनेटर (बीसी) को विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो ग्राम पंचायतों में ओएसआर बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और समन्वय करेंगे।
ओएसआर पोर्टल के संचालन, पंजीयन, डाटा एंट्री तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ग्राम रोजगार सहायक सपन चतुर्वेदी को विशेष दायित्व सौंपा गया है। उन्हें पोर्टल संचालन से संबंधित सभी आवश्यक सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने निर्देशित किया है कि जिला स्तरीय समिति के मार्गदर्शन में सभी जनपद पंचायतें एवं ग्राम पंचायतें शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। आदेश में उल्लिखित सात प्रमुख बिंदुओं के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे।
जिला पंचायत का मानना है कि ओएसआर में वृद्धि से ग्राम पंचायतों की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ होगी, स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी और पंचायतें सरकारी अनुदान पर निर्भर रहने के बजाय अपने संसाधनों के माध्यम से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सक्षम बनेंगी। यह पहल ग्रामीण स्वशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



