प्रशासनमध्यप्रदेश

196 श्रद्धालुओं को मिली श्रीकृष्ण धाम की सौगात: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कटनी से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुई विशेष ट्रेन,माला पहनाकर किया गया आत्मीय स्वागत, वरिष्ठ नागरिकों को सरकार दे रही निःशुल्क यात्रा, भोजन और आवास की सुविधा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

196 श्रद्धालुओं को मिली श्रीकृष्ण धाम की सौगात: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कटनी से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुई विशेष ट्रेन,माला पहनाकर किया गया आत्मीय स्वागत, वरिष्ठ नागरिकों को सरकार दे रही निःशुल्क यात्रा, भोजन और आवास की सुविधा

कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत शनिवार को कटनी जिले के 196 श्रद्धालुओं का जत्था भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से रवाना हुआ। श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन से रात्रि 8:09 बजे अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हुई। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के प्रभारी एवं बहोरीबंद एसडीएम प्रदीप मिश्रा तथा भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने श्रद्धालुओं को पुष्पमाला पहनाकर शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा के दौरान स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को निःशुल्क रेल यात्रा, भोजन, आवास, स्थानीय परिवहन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के तीर्थ यात्रा का लाभ उठा सकें।

योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो आयकरदाता नहीं हैं, उन्हें प्रदेश के बाहर स्थित प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाती है। पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाता है।

जिला प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें सम्मानपूर्वक धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है। योजना के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे श्रद्धालु सुखद और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकें।

Related Articles

Back to top button