27 जुलाई से जिलेभर के स्कूलों में लगेंगे विशेष आधार शिविर: आधार अपडेट, मोबाइल लिंक और ई-केवाईसी की सुविधा एक ही स्थान पर,विद्यार्थियों से लेकर आम नागरिकों तक को मिलेगा लाभ, योजनाओं से वंचित हितग्राहियों की ई-केवाईसी भी होगी पूरी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

27 जुलाई से जिलेभर के स्कूलों में लगेंगे विशेष आधार शिविर: आधार अपडेट, मोबाइल लिंक और ई-केवाईसी की सुविधा एक ही स्थान पर,विद्यार्थियों से लेकर आम नागरिकों तक को मिलेगा लाभ, योजनाओं से वंचित हितग्राहियों की ई-केवाईसी भी होगी पूरी
कलयुग की कलम कटनी – जिले के विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए 27 जुलाई से विशेष आधार अपडेट शिविरों की शुरुआत की जा रही है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के साथ-साथ आधार कार्ड में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट और ई-केवाईसी से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यह अभियान विभिन्न विकासखंडों के चयनित विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से संचालित होगा।
जिला प्रशासन के अनुसार इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य यू-डायस पोर्टल पर लंबित विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट को पूरा करना तथा ऐसे नागरिकों को राहत देना है, जिनकी विभिन्न शासकीय योजनाओं की ई-केवाईसी आधार में मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण लंबित है। शिविरों में मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद हितग्राही योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। आधार केंद्र संचालकों को सभी आवश्यक उपकरणों और शासकीय मशीनों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविरों तक पहुंचाने तथा संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम स्तर पर रोजगार सहायकों, पंचायत सचिवों और पटवारियों को भी अधिक से अधिक हितग्राहियों को शिविर तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकतम नागरिकों और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले में शत-प्रतिशत आधार अपडेट और ई-केवाईसी का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
कटनी विकासखंड में यहां लगेंगे शिविर
कटनी विकासखंड के सेंट पॉल स्कूल, सेंट पॉल झिंझरी, जेपीवी डीएवी, डायमंड माधव नगर, किड्स केयर हायर सेकेंडरी स्कूल, नोबेल हार्ट पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, तिलक राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल, डीएवी एसीसी पब्लिक स्कूल तथा सेक्रेड हार्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों में 27 जुलाई से 13 अगस्त तक चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार बहोरीबंद सहित अन्य विकासखंडों में भी निर्धारित तिथियों के अनुसार आधार शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में पहुंचकर विद्यार्थी और नागरिक आधार से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाओं का लाभ लेकर अपनी ई-केवाईसी और अन्य लंबित कार्य आसानी से पूर्ण करा सकेंगे।



