जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंजा उमरियापान, भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब सुरक्षा व्यवस्था भी रही चाक-चौबंद,सजीव झांकियों, आकर्षक रथों और भक्ति के रंग में रंगा नगर; हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, रथ की रस्सी खींचकर लिया पुण्य लाभ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंजा उमरियापान, भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब सुरक्षा व्यवस्था भी रही चाक-चौबंद, सजीव झांकियों, आकर्षक रथों और भक्ति के रंग में रंगा नगर; हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, रथ की रस्सी खींचकर लिया पुण्य लाभ
कलयुग की कलम उमरिया पान – नगर में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। पूरे नगर में “जय जगन्नाथ” के जयघोष गूंजते रहे। भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा आकर्षक एवं सुसज्जित रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। रथयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान के दर्शन कर रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रथयात्रा का शुभारंभ ब्योहार मोहल्ला स्थित भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर, न्यू बस स्टैंड और कटरा बाजार पहुंची। अंत में लिडहा तालाब स्थित जगदीश स्वामी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रथयात्रा का समापन हुआ।
पूरी यात्रा के दौरान भव्य धार्मिक झांकियां, आकर्षक सजावट, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की अपार आस्था ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, पुष्प वर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया तथा प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।
महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे मार्ग में भगवान के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। रथ की रस्सी खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा में सहभागी बनकर रथ के दर्शन करने और उसकी रस्सी खींचने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा भगवान की कृपा प्राप्त होती है।

भक्ति, उत्साह और जनसहभागिता से सराबोर इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर उमरियापान की धार्मिक परंपरा और सामाजिक एकता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने रथयात्रा को यादगार बना दिया।
रथयात्रा में जनप्रतिनिधियों की रही सक्रिय सहभागिता, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद





