प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी से मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: सांदीपनि विद्यालयों को मिली नई उड़ान,झिंझरी और बहोरीबंद में नव-निर्मित सांदीपनि विद्यालयों का डॉ श्री यादव ने किया लोकार्पण,स्लीमनाबाद टनल का जल्द होगा लोकार्पण, प्रदेश में समान नागरिक संहिता लाने की तैयारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी से मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: सांदीपनि विद्यालयों को मिली नई उड़ान,झिंझरी और बहोरीबंद में नव-निर्मित सांदीपनि विद्यालयों का डॉ श्री यादव ने किया लोकार्पण,स्लीमनाबाद टनल का जल्द होगा लोकार्पण, प्रदेश में समान नागरिक संहिता लाने की तैयारी

स्लीमनाबाद/कटनी।

कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी जिले के स्लीमनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, सिंचाई और सुशासन को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने झिंझरी और बहोरीबंद में नव-निर्मित सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी सांदीपनि विद्यालय अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए केंद्र बन रहे हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी निजी विद्यालयों से निकलकर इन विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें, साइकिल, मेधावी छात्रों को लैपटॉप तथा विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और गुरु सांदीपनि की परंपरा से प्रेरित होकर प्रदेश में ऐसे विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जहां आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कारों का समन्वय हो।

74 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने दो आधुनिक सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री ने झिंझरी में लगभग 38.61 करोड़ रुपये तथा बहोरीबंद में 35.63 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी उत्कृष्ट शिक्षा का वातावरण मिल सके।

स्लीमनाबाद टनल बनेगी किसानों के लिए वरदान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्लीमनाबाद अंडरग्राउंड टनल परियोजना बघेलखंड और बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी। इस परियोजना से कटनी, रीवा, सतना, मैहर और पन्ना सहित कई जिलों में सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया है और इसका भव्य लोकार्पण शीघ्र ही कटनी में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना पर भी तेजी से कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश के अनेक जिलों को सिंचाई और पेयजल का स्थायी समाधान मिलेगा।

विधानसभा के वर्षाकालीन सत्र में समान नागरिक संहिता लाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश “एक देश, एक विधान, एक निशान और एक कानून” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने घोषणा की कि विधानसभा के आगामी वर्षाकालीन सत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का प्रारूप प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित कर प्रारूप को मंजूरी दी जाएगी।

रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को मिलेगी बढ़ी हुई राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर नई योजनाएं लागू कर रही है।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, सांसद गणेश सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, संदीप जायसवाल, प्रणय प्रभात पांडे, धीरेंद्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button