प्रशासनमध्यप्रदेश

लापरवाही पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन: स्कूल की गिरी बाउंड्री वॉल पर प्रधानाध्यापक और उपयंत्री को नोटिस, झूलते बिजली तारों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश,टीएल बैठक में कड़ा संदेश—जनहित के मामलों में नहीं होगी ढिलाई, सीएम हेल्पलाइन, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और किसान योजनाओं की प्रगति पर मांगा जवाब

कलयुग की कलम से राकेश यादव

लापरवाही पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन: स्कूल की गिरी बाउंड्री वॉल पर प्रधानाध्यापक और उपयंत्री को नोटिस, झूलते बिजली तारों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश,टीएल बैठक में कड़ा संदेश—जनहित के मामलों में नहीं होगी ढिलाई, सीएम हेल्पलाइन, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और किसान योजनाओं की प्रगति पर मांगा जवाब

कलयुग की कलम कटनी – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान बहोरीबंद विकासखंड के ग्राम केवलारी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक कमल सिंह ठाकुर एवं उपयंत्री एस.पी. सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बारिश के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को शहर और कस्बों में झूल रहे बिजली के तारों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। बैठक में समय-सीमा पत्रों, समग्र ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री सहित शासन की विभिन्न प्राथमिकताओं की विस्तृत समीक्षा भी की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर करें निराकरण

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए नगर निगम, एमएसएमई, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, राजस्व, स्वास्थ्य, ऊर्जा और कृषि सहित सभी विभागों को शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए। पीएम किसान एवं सीएम किसान योजनाओं से संबंधित शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए राजस्व अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई।

किसानों के हित में योजनाओं को मिलेगी रफ्तार

बैठक में मूंग एवं उड़द उपार्जन, खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। सहकारी बैंक को पैक्स सदस्यता महाअभियान में अधिक किसानों को जोड़ने तथा कृषि विभाग को सोलर पंप योजना के तहत पात्र किसानों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर विशेष जोर

कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में विशेष प्रवेश अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जहां 10 से कम विद्यार्थी हैं, वहां नामांकन बढ़ाया जाए, अन्यथा आवश्यकतानुसार विद्यालयों का समायोजन किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच, लंबित प्रसव प्रकरणों का समय पर अद्यतन, 100 दिवसीय टीबी अभियान में तेजी तथा वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीबी मुक्त कटनी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

राजस्व और श्रमिक कल्याण योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अभिलेख दुरुस्ती जैसे राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही खदान, उद्योग और निर्माण क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों का प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पोषण पुनर्वास केंद्रों तथा कुपोषित बच्चों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button