संबल योजना में अब नहीं चलेगी सुस्ती: पात्र असंगठित श्रमिकों का जल्द कराएं पंजीयन, जिला पंचायत सीईओ ने दिए सख्त निर्देश,ब्लॉक, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, प्रचार-प्रसार बढ़ाकर लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

संबल योजना में अब नहीं चलेगी सुस्ती: पात्र असंगठित श्रमिकों का जल्द कराएं पंजीयन, जिला पंचायत सीईओ ने दिए सख्त निर्देश,ब्लॉक, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, प्रचार-प्रसार बढ़ाकर लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के अंतर्गत असंगठित श्रमिकों के पंजीयन अभियान को गति देने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विकासखंड, ग्राम पंचायत और नगरीय वार्ड स्तर पर विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएं।
सीईओ ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खनिज, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पीआईयू, जल संसाधन, ग्रामीण स्वच्छता, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता तथा कृषि उपज मंडी समिति सहित संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को शिविरों तक लाया जाए, ताकि पंजीयन कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित हो सके।
इन श्रमिकों को मिलेगा योजना का लाभ
योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे असंगठित श्रमिक पात्र हैं, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये या उससे कम है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड तथा बैंक या जनधन खाते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है।
ये लोग नहीं होंगे पात्र
संगठित क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी, ईपीएफ, एनपीएस या ईएसआईसी से जुड़े सदस्य तथा आयकरदाता इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
जिला प्रशासन ने पात्र श्रमिकों से अपील की है कि वे निर्धारित शिविरों में पहुंचकर समय पर अपना पंजीयन कराएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।



