टेक्नोलॉजीप्रशासनमध्यप्रदेश

गड्ढों में तब्दील हुआ उमरियापान–सिहोरा मार्ग, सड़क नहीं ‘खतरे का सफर’ बन गया रास्ता,पकरिया पेट्रोल पंप से मंगेली तक बदहाल सड़क पर रोजाना फिसल रहे वाहन, धूल और गड्ढों से राहगीर परेशान

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गड्ढों में तब्दील हुआ उमरियापान–सिहोरा मार्ग, सड़क नहीं ‘खतरे का सफर’ बन गया रास्ता,पकरिया पेट्रोल पंप से मंगेली तक बदहाल सड़क पर रोजाना फिसल रहे वाहन, धूल और गड्ढों से राहगीर परेशान

कलयुग की कलम उमरिया पान – उमरियापान से सिहोरा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग इन दिनों अपनी जर्जर स्थिति को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेष रूप से पकरिया पेट्रोल पंप से मंगेली तक का हिस्सा गहरे गड्ढों, उखड़ी हुई डामर परत और उड़ती धूल के कारण वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालक सड़क पर नहीं, बल्कि गड्ढों के बीच रास्ता तलाशते नजर आते हैं।

क्षेत्रवासियों के अनुसार इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बाइक चालक संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हो चुके हैं। बारिश का मौसम शुरू होने वाला है स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

मरम्मत हुई, लेकिन समस्या जस की तस

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ समय पूर्व सड़क की बदहाली को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग द्वारा सीमित स्तर पर मरम्मत कार्य कराया गया था। हालांकि यह कार्य केवल कुछ स्थानों तक सीमित रहा और अधिकांश हिस्सा आज भी गड्ढों से भरा हुआ है। कई जगहों पर केवल एक पटरी की मरम्मत की गई, जबकि शेष मार्ग पूर्व की तरह क्षतिग्रस्त बना हुआ है।

धूल से बढ़ रही परेशानी, दुर्घटना का खतरा बरकरार

सड़क पर डामर उखड़ जाने के कारण वाहनों की आवाजाही से लगातार धूल उड़ रही है। इससे न केवल वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है, बल्कि सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के गुबार के बीच अचानक सामने आने वाले गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

सड़क सुरक्षा मानकों पर उठ रहे सवाल

सड़क निर्माण एवं रखरखाव के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त, समतल और सुरक्षित रखा जाना चाहिए, ताकि यातायात सुचारु एवं सुरक्षित बना रहे। लेकिन उमरियापान–सिहोरा मार्ग के इस हिस्से की स्थिति इन मानकों के विपरीत दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते व्यापक मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के दौरान यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो सकता है।

जनप्रतिनिधियों और विभाग से स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और जिला प्रशासन से मांग की है कि पकरिया पेट्रोल पंप से मुंगेली तक पूरे मार्ग का तकनीकी परीक्षण कराकर स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि केवल औपचारिक पैचवर्क से समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि पूरे क्षतिग्रस्त हिस्से का नवीनीकरण आवश्यक है।

जनता का सवाल

जब यह मार्ग हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख साधन है, तो आखिर इसकी बदहाली दूर करने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे?

Related Articles

Back to top button