ढीमरखेड़ा में योजनाओं की समीक्षा बैठक में सख्त चेतावनी: लापरवाही पर होगी कार्रवाई,सीईओ युजवेंद्र कोरी बोले— जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही बिल्कुल नहीं चलेगी, पात्र हितग्राहियों तक हर हाल में पहुंचे लाभ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा में योजनाओं की समीक्षा बैठक में सख्त चेतावनी: लापरवाही पर होगी कार्रवाई,सीईओ युजवेंद्र कोरी बोले— जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही बिल्कुल नहीं चलेगी, पात्र हितग्राहियों तक हर हाल में पहुंचे लाभ
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक समय पर लाभ पहुंचाने को लेकर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शासकीय योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों की अनदेखी करने वाले लोक सेवकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायतों के सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सीईओ श्री कोरी ने कहा कि ऐसे पात्र हितग्राही, जो अभी तक किसी कारणवश योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए।
जल गंगा संवर्धन अभियान और अधूरे कार्यों पर विशेष फोकस
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों एवं तकनीकी अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इन योजनाओं की हुई पंचायतवार समीक्षा
समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं और कार्यों की ग्राम पंचायतवार स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख रूप से—मनरेगा एवं समग्र ई-केवाईसी,प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास पूर्णता,सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं,जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्य,स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत भुगतान प्रक्रिया,पंचायतों में निर्माण कार्यों की प्रगति, वृक्षारोपण एवं राजस्व वसूली,पंचायत दर्पण पोर्टल पर छठवें वित्त आयोग की फीडिंग,संबल योजना में पंजीयन और अनुग्रह सहायता प्रकरण,सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का निराकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की गई।
योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश
सीईओ श्री कोरी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिला पंचायत के निर्देशों के पालन पर जोर
बैठक में यह भी बताया गया कि जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा सभी जनपद पंचायतों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत मॉनिटरिंग के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाना है।
ये अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, सहायक यंत्री, उपयंत्री, खंड पंचायत अधिकारी, पंचायत समन्वय अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी तथा योजना शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



