प्रशासनमध्यप्रदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर गांवों में गूंजेगी हरियाली की अलख: 5 जून को सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा पर्यावरण संरक्षण से लेकर रोजगार, स्वच्छता और विकास योजनाओं पर होगी व्यापक चर्चा, जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

विश्व पर्यावरण दिवस पर गांवों में गूंजेगी हरियाली की अलख: 5 जून को सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा पर्यावरण संरक्षण से लेकर रोजगार, स्वच्छता और विकास योजनाओं पर होगी व्यापक चर्चा, जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शुक्रवार 5 जून को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायतों के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने को कहा है।

जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभाओं को केवल औपचारिक बैठक तक सीमित न रखकर उन्हें जनभागीदारी का प्रभावी मंच बनाया जाए, जहां ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा हो सके।

हर वर्ग की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

ग्राम सभाओं में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, स्वच्छाग्रहियों, सफाई कर्मियों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति परिवारों, कमजोर वर्गों, समुदाय आधारित संगठनों तथा स्थानीय संस्थाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का उद्देश्य है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्णयों में ग्रामीण समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता हो।

स्थानीय मुद्दों के साथ विकास योजनाओं पर भी होगी चर्चा

ग्राम सभाओं में नियमित एजेंडा बिंदुओं के अलावा स्थानीय आवश्यकताओं और समस्याओं से जुड़े विषयों को भी शामिल किया जाएगा। ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और आवश्यकताओं के आधार पर गांवों के विकास की आगामी रूपरेखा पर विचार किया जाएगा।

इन महत्वपूर्ण विषयों पर होगा मंथन

विशेष ग्राम सभाओं में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से पंचायत राज व्यवस्था स्वच्छ भारत मिशन, (ग्रामीण) महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन किसान कल्याण एवं कृषि विकास महिला एवं बाल विकास योजनाएं,राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन,जनजातीय क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम,पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहेंगे।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने का प्रयास

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली इन ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, वृक्षारोपण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा।

“हर गांव हरियाली की ओर, विकास और पर्यावरण साथ-साथ”

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित होने वाली ग्राम सभाएं केवल बैठक नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने का माध्यम बनेंगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इन सभाओं से गांवों में जागरूकता और विकास की नई पहल को बल मिलेगा।

Related Articles

Back to top button