प्रशासनमध्यप्रदेश

गोल्डन आवर में जीवनरक्षक पहल: अब सड़क हादसे के घायलों को मिलेगा तत्काल कैशलेस इलाज,कटनी पुलिस ने लागू की iRAD/eDAR प्री-अप्रूव प्रणाली, अस्पताल पहुंचते ही शुरू होगी राहत योजना की प्रक्रिया

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गोल्डन आवर में जीवनरक्षक पहल: अब सड़क हादसे के घायलों को मिलेगा तत्काल कैशलेस इलाज,कटनी पुलिस ने लागू की iRAD/eDAR प्री-अप्रूव प्रणाली, अस्पताल पहुंचते ही शुरू होगी राहत योजना की प्रक्रिया

कलयुग की कलम कटनी – सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और अमूल्य जीवन बचाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए iRAD/eDAR प्री-अप्रूव प्रक्रिया को प्रभावी रूप से लागू किया है। इस व्यवस्था के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों को प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना का लाभ तेजी से उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें बिना आर्थिक बोझ के तत्काल उपचार मिल सकेगा।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद के सबसे महत्वपूर्ण समय “गोल्डन आवर” में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही शुरू होगी पूरी प्रक्रिया

नई व्यवस्था के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 112, 1033, 108 या अन्य माध्यमों से जिला अस्पताल अथवा किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर संबंधित अस्पताल, डायल सेवा या पुलिस कर्मचारी द्वारा तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी जाएगी।

इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम कटनी का मोबाइल नंबर 7587600044 निर्धारित किया गया है। सूचना प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम संबंधित थाना या चौकी को अवगत कराएगा और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

iRAD/eDAR पोर्टल पर दर्ज होगा पूरा विवरण

संबंधित थाना या चौकी द्वारा दुर्घटना का पूरा विवरण iRAD/eDAR पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक आईडी जनरेट कर प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना के अंतर्गत घायल व्यक्ति के उपचार के लिए प्री-अप्रूव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस व्यवस्था से पात्र पीड़ितों को शीघ्र कैशलेस उपचार मिलेगा और अस्पतालों को भी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने में सुविधा होगी।

उपचार की निगरानी भी करेगी पुलिस

कटनी पुलिस ने बताया कि केवल प्री-अप्रूव प्रक्रिया तक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना और चौकी द्वारा अस्पतालों के साथ लगातार समन्वय बनाकर घायल के उपचार की निगरानी भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की देरी या परेशानी न हो।

सभी विभागों से सहयोग की अपील

यातायात पुलिस ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, अस्पताल प्रबंधन, एम्बुलेंस सेवाओं और संबंधित विभागों से अपील की है कि प्रत्येक पात्र सड़क दुर्घटना प्रकरण में iRAD/eDAR आईडी समय पर जनरेट कर प्री-अप्रूव प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करें, जिससे शासन की जनहितकारी योजना का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंच सके।

“समय पर इलाज, सुरक्षित जीवन”

कटनी पुलिस की नई व्यवस्था से सड़क हादसा पीड़ितों को मिलेगी राहत, गोल्डन आवर में बढ़ेगी जीवन बचाने की संभावना

सड़क सुरक्षा और दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए कटनी पुलिस की यह पहल आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। समय पर उपचार और कैशलेस सुविधा से अनेक लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button