पुलिस जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़,पारिवारिक विवाद से लेकर साइबर ठगी तक की शिकायतें सुनीं, अधिकारियों ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

पुलिस जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़,पारिवारिक विवाद से लेकर साइबर ठगी तक की शिकायतें सुनीं, अधिकारियों ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में नेहा पच्चीसिया, आकांक्षा चतुर्वेदी तथा शिवा पाठक मौजूद रहीं। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन पर विस्तार से सुनवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, आपसी कहासुनी, पैसों के लेन-देन, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध, पुलिस कार्रवाई से असंतोष तथा अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कई आवेदकों ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की शिकायतें भी दर्ज कराईं।
साइबर अपराध से संबंधित मामलों में अधिकारियों ने फरियादियों को सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और शासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही संबंधित शिकायतों को साइबर सेल को भेजकर आवश्यक जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के संबंध में आवेदकों को संबंधित विभागों से संपर्क कर उचित कार्रवाई कराने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस जनसुनवाई ने एक बार फिर यह साबित किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



