प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब: 206 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश,दूर-दराज गांवों से पहुंचे फरियादी, लाड़ली बहना, बिजली बिल, सीमांकन और संबल योजना से जुड़ी शिकायतों पर हुई सुनवाई

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब: 206 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश,दूर-दराज गांवों से पहुंचे फरियादी, लाड़ली बहना, बिजली बिल, सीमांकन और संबल योजना से जुड़ी शिकायतों पर हुई सुनवाई

कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 206 आवेदकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल तथा एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

लाड़ली बहना योजना की राशि बंद होने की शिकायत

तहसील रीठी के ग्राम बिलहरी निवासी सुशीला बाई यादव ने आवेदन देकर बताया कि पोर्टल पर आयु गलत दर्ज हो जाने के कारण उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि मिलना बंद हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग को आयु संशोधन कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।

बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी से उपभोक्ता परेशान

ग्राम मोहास निवासी धन्नू गडारी ने बताया कि उनका मासिक बिजली बिल सामान्यतः लगभग 100 रुपये आता था, लेकिन अप्रैल माह में 2,586 रुपये का बिल प्राप्त हुआ। उन्होंने बिल की जांच कर संशोधन कराने की मांग की। इस पर विद्युत विभाग को आवश्यक परीक्षण कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सीमांकन लंबित होने पर तहसीलदार को निर्देश

तहसील स्लीमनाबाद के ग्राम उत्तमपुर निवासी गोविंद प्रसाद ने शिकायत की कि भूमि सीमांकन के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर तहसीलदार स्लीमनाबाद को प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

संबल योजना की अंत्येष्टि सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत

ग्राम पंचायत स्लीमनाबाद निवासी सनद कुमार नायक ने बताया कि उनकी दादी के निधन के बाद संबल योजना के अंतर्गत मिलने वाली अंत्येष्टि सहायता राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। इस पर जनपद पंचायत बहोरीबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पात्रता अनुसार प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

हर मंगलवार होती है जनसुनवाई

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाता है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। मंगलवार की जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने प्रशासन की इस पहल को राहतकारी बताया।

Related Articles

Back to top button