मातृ दिवस पर भावनाओं का सागर: “मां ही सुखी परिवार की सच्ची आधारशिला”
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मातृ दिवस पर भावनाओं का सागर: “मां ही सुखी परिवार की सच्ची आधारशिला”
कलयुग की कलम सिलौंडी – प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र सिलौंडी में मातृ दिवस के अवसर पर “मां सुखी परिवार की आधारशिला है” विषय पर प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रगति राय ने कहा कि मां त्याग, प्रेम और साहस की प्रतिमूर्ति होती है। वह अपने बच्चों के सुख और भविष्य के लिए हर कठिनाई का सामना करती है तथा असहनीय पीड़ा सहकर उन्हें जीवन देती है।
ग्राम पंचायत सिलौंडी की सरपंच श्रीमती संतोष कुमार बहन ने उपस्थित सभी महिलाओं और माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां का सम्मान ही परिवार और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।
कन्या शाला की शिक्षिका श्रीमती रमा राय ने भावपूर्ण कविता के माध्यम से मां के प्रति अपनी श्रद्धा और संवेदनाएं व्यक्त कीं, जिसने उपस्थितजनों को भावुक कर दिया।
सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्मा कुमारी पूजा दीदी ने कहा कि परमात्मा ने मां को प्रत्येक घर में ईश्वर के स्वरूप के रूप में स्थापित किया है, ताकि बच्चों में श्रेष्ठ संस्कारों का विकास हो सके। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराते हुए सभी को आध्यात्मिक जीवन अपनाने और नियमित ध्यान करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान शांत, सकारात्मक और आध्यात्मिक वातावरण ने सभी को गहराई से प्रभावित किया। अंत में उपस्थितजनों ने मां के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।



