प्रशासनमध्यप्रदेश

आधी रात ‘ऑपरेशन कांबिंग गस्त’ का कहर: कटनी में पुलिस का मेगा एक्शन, 50 वारंटी धराए—अपराधियों में मचा हड़कंप

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आधी रात ‘ऑपरेशन कांबिंग गस्त’ का कहर: कटनी में पुलिस का मेगा एक्शन, 50 वारंटी धराए—अपराधियों में मचा हड़कंप

कलयुग की कलम कटनी – जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सख्त व अभेद्य बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (IPS) के नेतृत्व में कटनी पुलिस ने शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात बड़े पैमाने पर ‘ऑपरेशन कांबिंग गस्त’ चलाकर अपराधियों पर जोरदार प्रहार किया। इस मेगा अभियान का केंद्र थाना माधव नगर रहा, जहां 170 से अधिक पुलिसकर्मियों ने एक साथ दबिश देकर फरार और आदतन अपराधियों की कमर तोड़ दी।

अभियान की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ब्रीफिंग के साथ हुई। कार्रवाई के लिए 7 विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनमें निरीक्षक और उप-निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इन टीमों ने माधव नगर क्षेत्र की अलग-अलग बीटों में एक साथ पहुंचकर पूरी रात सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।

इस व्यापक कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कुल 50 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 14 स्थाई वारंटी और 36 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 25 गुंडों और 26 निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर अचानक दबिश देकर उनका सत्यापन किया गया, वहीं 3 जिला बदर अपराधियों की भी जांच की गई। आदतन अपराधियों के डोजियर अपडेट किए गए और कई बदमाशों को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई।

अभियान के दौरान नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। अवैध शराब के मामलों में 2 प्रकरण दर्ज किए गए और आर्म्स एक्ट के तहत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 34 अन्य चालान भी काटे गए। शांति भंग की आशंका को देखते हुए BNSS की विभिन्न धाराओं के तहत 58 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन, मुड़वारा और सलैया स्टेशन के साथ-साथ बस स्टैंड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और बैंकों व एटीएम बूथों की भी रात्रिकालीन जांच की गई। इस दौरान मुसाफिर रजिस्टर में 17 बाहरी व्यक्तियों की जानकारी दर्ज की गई।

इस सख्त कार्रवाई के जरिए कटनी पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अपराध और अपराधियों के लिए जिले में अब कोई स्थान सुरक्षित नहीं है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है और अपराधियों में भय का माहौल साफ दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button