जनहित के मुद्दों पर जिला पंचायत में गरजा सदन: बिजली बिल, पानी, सड़क और किसानों की समस्याओं पर तीखी चर्चा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनहित के मुद्दों पर जिला पंचायत में गरजा सदन: बिजली बिल, पानी, सड़क और किसानों की समस्याओं पर तीखी चर्चा
कलयुग की कलम कटनी – जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, सड़क और बिजली जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। बैठक जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर सहित सदस्यगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सदस्यों अजय गोटिया, कविता राय और प्रदीप त्रिपाठी ने जनहित से जुड़े विषयों पर बेबाक सवाल उठाए। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी। इस पर सीईओ कौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सदस्यों के सुझावों को मिनिट्स में दर्ज कर संबंधित अधिकारी तथ्यात्मक और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बिजली बिलों पर फूटा गुस्सा
ग्राम पंचायतों को भेजे जा रहे अनाप-शनाप बिजली बिलों को लेकर सदस्यों ने कड़ा असंतोष जताया। उन्होंने बिलों में सुधार कर राहत देने की मांग करते हुए अधिकारियों से तत्काल समाधान की बात कही।
नल-जल योजना और पेयजल व्यवस्था पर फोकस
जल निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजनाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
उपार्जन में किसानों की समस्या उठी
किसानों को स्लॉट बुकिंग में आ रही दिक्कतों पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने सुझाव दिया कि किसानों को टोकन जारी कर उपार्जन प्रक्रिया को आसान बनाया जाए, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान कार्ड का बढ़े प्रचार
सीईओ कौर ने आयुष्मान योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रस्तुति
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए कार्यों की पावर पॉइंट प्रस्तुति दी गई। वर्षा जल संरक्षण को लेकर “हर बूंद बचाने” का संदेश दिया गया।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत सदस्य प्रेमलाल केवट, माला मौसी, रीना लोधी, प्रिया सिंह, संगीता देवी, जनपद अध्यक्ष लालकमल बंसल, सुनीता दुबे, श्याम कली सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। अपरिहार्य कारणों से जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष द्वारा की गई।



