Blogमध्यप्रदेश

इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर धार के समीप पिकअप-स्कॉर्पियों में टक्कर, 12 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा लोग घायल, मृतकों में ज्यादातर महिलाएं

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मध्यप्रदेश के धार जिले से बड़ी खबर सामने आई है यहां धार और तिरला के बीच इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। हादसा चिकलिया ब्रिज के पास एक पेट्रोल पंप के सामने उस वक्त हुआ जब लोडिंग वाहन पिकअप (13 जेडटी-6776) और स्कॉर्पियो (एमपी 09 बीई-9997) स्कार्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए और कोहराम मच गया।

पिकअप में सवार थे करीब 50 मजदूर

जानकारी के मुताबिक पिकअप में करीब 50 मजदूर सवार थे जो लेबड़ क्षेत्र से मजदूरी कर खुशी-खुशी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है जिनमें 9 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक बच्ची भी है, सभी मजदूर समेलिया, नयापुरा, जलोखिया और सुल्तानपुर गांव के निवासी थे।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी

भीषण हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चार अलग-अलग वाहनों से अस्पताल पहुंचा। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। ओपीडी से लेकर वार्ड तक हर जगह खून और चीख-पुकार का दर्दनाक दृश्य नजर आया। परिजन अपनों को ढूंढते हुए बदहवास नजर आए। अस्पताल का आईसीयू वार्ड पूरी तरह घायलों से भर गया। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटनास्थल से कई शव लाए गए, जिनमें एक बच्ची का शव देख परिजन फूट-फूटकर रो पड़े।

400 रुपए की मजदूरी पड़ी भारी

घायल निलेश डावर ने बताया कि सभी मजदूर सुबह लेबड़ के खेतों में काम करने गए थे, जहां 400 रुपए मजदूरी तय हुई थी। शाम को घर लौटते वक्त अचानक यह हादसा हो गया। पिकअप चालक राधेश्याम भी गंभीर रूप से घायल है और बेहोश है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कार्पियो तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण नहीं रख पाई। टक्कर के बाद वाहन के एयरबैग तक खुल गए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे में जान गंवाने वालों में कई एक ही परिवार के सदस्य है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि सुल्तानपुर के पूर्व सरपंच मुन्नालाल डावर का पोता, पत्नी सावित्री और 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button