प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई विशेष 88 फरियादियों की आवाज़ सीधे कलेक्टर तक, जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई विशेष 88 फरियादियों की आवाज़ सीधे कलेक्टर तक, जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने 88 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।

 अतिक्रमण पर सख्ती

कटनी निवासी आदर्श पांडेय ने ग्राम पोंडी की शासकीय चरनोई भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि स्कूल संचालकों द्वारा बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किया गया है, जबकि पहले ही जुर्माना लगाकर हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

 किसानों को राहत के निर्देश

ग्राम बम्हनगवां निवासी राजाराम पटेल ने कृषि उपज पंजीयन में मोबाइल नंबर अपडेट कराने की मांग रखी, ताकि स्लॉट बुकिंग में परेशानी न हो। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को त्वरित सुधार के निर्देश दिए गए।

 दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए मदद

माधवनगर निवासी कमल कुमार छतवानी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने की मांग की। कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को पात्रतानुसार शीघ्र प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

 बुजुर्ग महिला की पेंशन रुकी, तुरंत समाधान के आदेश

ग्राम बरजी निवासी वृद्धा प्यारी बाई चौधरी ने समग्र आईडी में आधार लिंकिंग की समस्या के कारण पेंशन बंद होने की शिकायत की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को मामले का शीघ्र समाधान कर पेंशन बहाल करने के निर्देश दिए।

 प्रशासन का संदेश

जनसुनवाई में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button