प्रशासनमध्यप्रदेश

गेहूं उपार्जन में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन: स्लीमनाबाद में छापामार कार्रवाई, हजारों बोरी स्टॉक की जांच, अवैध गोदाम सील

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गेहूं उपार्जन में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन: स्लीमनाबाद में छापामार कार्रवाई, हजारों बोरी स्टॉक की जांच, अवैध गोदाम सील

कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के दौरान बिचौलियों और रीसाइक्लिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर संयुक्त दल ने स्लीमनाबाद क्षेत्र के ग्राम धुरी में छापामार कार्रवाई कर बड़े पैमाने पर गेहूं भंडारण की जांच की।

एसडीएम बहोरीबंद श्री राकेश चौरसिया के मार्गदर्शन में गठित टीम में तहसीलदार स्लीमनाबाद श्री आकाशदीप नामदेव, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सुश्री सारिका रावत एवं नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव शामिल रहे। वहीं कृषि उपज मंडी समिति के उड़नदस्ता प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में गेहूं भंडारित मिला— आशीष सोनी के पास 2200 बोरी, बृजेश सोनी के पास 950 बोरी, आकाश मौर्य के पास 654 बोरी तथा ओंकार साहू के पास 330 बोरी गेहूं पाया गया। इसके अलावा नारायण सोनी के चार शटर वाले गोदाम में रखे गए संदिग्ध स्टॉक को मौके पर ही सील कर दिया गया।

राजस्व एवं मंडी समिति की टीम ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और संबंधित प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया है कि उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की रीसाइक्लिंग या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य का लाभ सीधे वास्तविक किसानों तक पहुंचे और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई हो।

Related Articles

Back to top button