प्रशासनमध्यप्रदेश

अपराध समीक्षा बैठक में सख्त दिखे एसपी: लापरवाही पर विवेचकों पर जुर्माना, समयसीमा में निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अपराध समीक्षा बैठक में सख्त दिखे एसपी: लापरवाही पर विवेचकों पर जुर्माना, समयसीमा में निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान लंबित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जताई। समीक्षा में पाया गया कि कई विवेचकों ने निर्धारित समयसीमा के बावजूद प्रकरणों का निराकरण नहीं किया। इस पर कार्रवाई करते हुए संबंधित विवेचकों पर 500-500 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया और भविष्य में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।

बैठक में विभिन्न अभियानों और कानून व्यवस्था से जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। गुमशुदा बच्चों की तलाश और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए चल रहे ऑपरेशन मुस्कान एवं शिकंजा की प्रगति की समीक्षा की गई। संपत्ति संबंधी अपराधों जैसे चोरी व लूट में बरामदगी का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा गया।

इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि महिला संबंधी मामलों में विवेचना शीघ्र पूर्ण कर समय पर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाए। साथ ही, क्षेत्र के निगरानी बदमाशों और सूचीबद्ध अपराधियों की नियमित निगरानी और चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

Related Articles

Back to top button