जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़: 153 आवेदनों पर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़: 153 आवेदनों पर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने 153 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मजदूरी भुगतान का मामला पहुंचा जनसुनवाई में
निवार पहाड़ी क्षेत्र से पहुंचे अनिल यादव, रविशंकर, रामप्रसाद कुशवाहा, रामअवतार शर्मा सहित अन्य आवेदकों ने बर्न कंपनी में चौकीदारी के बदले मजदूरी भुगतान न मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने रेलवे के संबंधित एरिया मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजना में ब्याज अनुदान न मिलने की शिकायत
कटनी निवासी संतोष कुमार दाहिया ने संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान नहीं मिलने की बात रखी। कलेक्टर ने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बिजली बिल में गड़बड़ी से परेशान महिला
तहसील ढीमरखेड़ा के ग्राम खम्हरिया की निवासी गंशी बाई ने घरेलू बिजली बिल अचानक एक लाख रुपये आने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को तत्काल जांच कर उचित निराकरण करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हितग्राही
गांधी गंज निवासी राजकुमार निषाद ने जर्जर मकान और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पीएम आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को पात्रतानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
🔹 मुख्य बिंदु:
जनसुनवाई में 153 आवेदनों की सुनवाई कलेक्टर ने मौके पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश मजदूरी, बिजली बिल, आवास और अनुदान से जुड़े मामले प्रमुख रहे।



