भगवामय होगा सिहोरा: हनुमान जन्मोत्सव पर कल निकलेगी भव्य वाहन रैली, महाआरती व भंडारे के साथ होगा समापन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

भगवामय होगा सिहोरा: हनुमान जन्मोत्सव पर कल निकलेगी भव्य वाहन रैली, महाआरती व भंडारे के साथ होगा समापन
कलयुग की कलम सिहोरा – हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हिन्दू उत्सव समिति के तत्वाधान में 2 अप्रैल 2026, गुरुवार को सुबह 8:30 बजे भव्य और विशाल वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली बाबा शाला से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर पुराना बस स्टैंड सिहोरा में महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगी।
रैली का मार्ग बाबा शाला से शुरू होकर मझोली बायपास, गाड़िया मोहल्ला, झंडा बाजार, आजाद चौक, गौरी तिराहा, नया बस स्टैंड सहित शहर के अनेक प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगा। इसके बाद रैली कटरा मोहल्ला, काल भैरव चौक, महावीर चौक, मैना कुआं, हरदौल मंदिर, बाबाताल, पेट्रोल पंप तिराहा, फोरलेन, खितौला बाजार, रेलवे क्रॉसिंग, पान उमरिया रोड, विंध्यवासिनी मंदिर, नरसिंह मंदिर, तुलसी मानस मंदिर होते हुए पुनः सिहोरा पहुंचेगी।
समिति द्वारा संपूर्ण रैली मार्ग को भगवा ध्वजों से सजाया गया है, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आएगा। समापन स्थल को भी विशेष रूप से भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है।
समिति ने युवाओं, बुजुर्गों, मातृशक्ति सहित सभी सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया है। मातृशक्ति से अनुरोध किया गया है कि वे प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान की इस रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत करें।
अनुशासन के विशेष निर्देश जारी
रैली को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए समिति ने कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। रैली में सबसे आगे भगवान श्री हनुमान जी का वाहन रहेगा, जिसके आगे कोई भी नहीं चलेगा। किसी प्रकार के हथियार जैसे तलवार आदि लाने पर प्रतिबंध रहेगा। झंडे केवल बांस में ही लगाए जाएं, लोहे या स्टील के पाइप का उपयोग न करें तथा बांस की ऊंचाई भी सीमित रखें।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखते हुए इस धार्मिक आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।



