प्रशासनमध्यप्रदेश

घुघरा में जल क्रांति: हर घर तक पहुंचा स्वच्छ पानी, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या हुई दूर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

घुघरा में जल क्रांति: हर घर तक पहुंचा स्वच्छ पानी, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या हुई दूर

कलयुग की कलम उमरिया पान – विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम घुघरा में जल जीवन मिशन ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधा का नया अध्याय साबित हो रहा है। गांव में संचालित नल-जल योजना के माध्यम से अब घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए होने वाली दैनिक परेशानियों से काफी हद तक मुक्ति मिली है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम में पेयजल उपलब्धता को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया गया है। योजना के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, घरेलू नल कनेक्शन, सम्पवेल और ओवरहेड टैंक सहित सभी स्वीकृत कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। निर्माण कार्यों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद योजना का संचालन एवं रखरखाव ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर इसकी निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

वर्तमान में दो नलकूपों के माध्यम से गांव में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। नल-जल योजना के तहत सैकड़ों परिवारों को सीधे घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष राहत मिली है। पहले जहां ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था, वहीं अब अधिकांश परिवारों को घर पर ही पानी की सुविधा मिल रही है।

ग्राम में वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था को भी बनाए रखा गया है। हैंडपंपों के माध्यम से जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जल उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि भू-जल स्तर में गिरावट के कारण कुछ स्रोत प्रभावित हुए हैं, फिर भी नल-जल योजना के सुचारु संचालन से ग्रामीणों की पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति लगातार की जा रही है।

जल जीवन मिशन के तहत विकसित यह व्यवस्था केवल पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। सुरक्षित और नियमित जल उपलब्धता से स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

ग्रामीणों ने योजना के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि घर तक पानी पहुंचने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने इसे गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Related Articles

Back to top button