सूने घर पर चोरों का धावा: 65 हजार नकद, जेवरात समेत अनाज और कुकर तक ले उड़े बदमाश,ढीमरखेड़ा के ग्राम पाली में वारदात, परिवार के बाहर जाते ही ताला तोड़कर घर खंगाल गए चोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सूने घर पर चोरों का धावा: 65 हजार नकद, जेवरात समेत अनाज और कुकर तक ले उड़े बदमाश,ढीमरखेड़ा के ग्राम पाली में वारदात, परिवार के बाहर जाते ही ताला तोड़कर घर खंगाल गए चोर
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले के ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा मामला ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पाली का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरत की बात यह रही कि बदमाश घर में रखा अनाज और रसोई का कुकर तक अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम पाली निवासी ललिता मेहरा का परिवार किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर घर में रखी करीब 65 हजार रुपये की नकद राशि तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
घर का कोना-कोना खंगाला, राशन भी नहीं छोड़ा
चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए पूरे घर की तलाशी ली। नगदी और जेवरात के अलावा रसोई और भंडारण कक्ष में रखा गेंहू, चावल तथा प्रेशर कुकर भी अपने साथ ले गए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने काफी समय तक घर के भीतर रहकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
वापस लौटा परिवार तो उड़ गए होश
जब परिवार वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। घर में चोरी का पता चलते ही परिजनों ने तत्काल ढीमरखेड़ा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही संभावित सुरागों के आधार पर तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्राम पाली में हुई इस चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।



