आईजी प्रमोद वर्मा ने किया कटनी का भ्रमण, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आईजी प्रमोद वर्मा ने किया कटनी का भ्रमण, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
कलयुग की कलम कटनी – दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के मद्देनज़र जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री प्रमोद वर्मा ने शनिवार को कटनी जिले का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी श्री वर्मा ने अपने भ्रमण के दौरान दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर से सुभाष चौक तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रास्ते में स्थापित पंडालों और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि पर्वों के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाए और गश्त व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इसके साथ ही श्री वर्मा ने गाटर घाट विसर्जन स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए।
आईजी वर्मा ने थाना कोतवाली का भी औचक निरीक्षण किया और थाना रिकॉर्ड, शस्त्रागार सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान चौकसी बढ़ाने, सतर्कता बरतने और आम नागरिकों के साथ संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।आईजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे बड़े पर्वों पर पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य कर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।



