प्रशासनमध्यप्रदेश

खितौला में 26 करोड़ का आरओबी लोकार्पित, सिहोरा को जाम से राहत,मंत्री राकेश सिंह बोले— पुल से व्यापार, आवागमन और सुरक्षा तीनों को मिलेगा बढ़ावा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

खितौला में 26 करोड़ का आरओबी लोकार्पित, सिहोरा को जाम से राहत,मंत्री राकेश सिंह बोले— पुल से व्यापार, आवागमन और सुरक्षा तीनों को मिलेगा बढ़ावा

कलयुग की कलम सिहोरा खितौला – बहुप्रतीक्षित खितौला रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शनिवार को विधिवत लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का उद्घाटन लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया। वर्षों से जाम और रेल फाटक बंद होने की समस्या झेल रहे क्षेत्रवासियों को अब बड़ी राहत मिलेगी।

लोकार्पण समारोह में मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि जनकल्याण है। इसी सोच के साथ प्रदेश में सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जबलपुर जिले में लगभग 3500 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें करीब 400 करोड़ रुपये के कार्य सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में शामिल हैं।

मंत्री सिंह ने कहा कि खितौला आरओबी लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से इस परियोजना को मंजूरी मिली। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल आवागमन को सुगम नहीं बनाएगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा।

लोक पथ एप से सड़कों की निगरानी

मंत्री ने “लोक पथ एप” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आम नागरिकों को सीधे सड़क सुधार प्रक्रिया से जोड़ता है। लोग किसी भी खराब सड़क या गड्ढे की फोटो अपलोड कर सकते हैं, जिसे चार दिन के भीतर सुधारना विभाग की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही एप के माध्यम से यात्रा मार्ग, पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट, पुलिस थाने सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी भी मिलेगी।

जल संरक्षण और ग्रीन बिल्डिंग पर जोर

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 506 लोक कल्याण सरोवर बनाए जा चुके हैं। सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी निकालने वाली जगहों को जल संरचनाओं में विकसित किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित कर पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

महिला भागीदारी से तेज होगा विकास

मंत्री सिंह ने कहा कि देश में नारी शक्ति की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास हो रहे हैं। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से विकास को नई गति मिलेगी।

विधायक ने जताया आभार

क्षेत्रीय विधायक संतोष बरकड़े ने कहा कि मंत्री राकेश सिंह के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सौगात क्षेत्र को मिली है। उन्होंने इसे सिहोरा के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

25 हजार आबादी को सीधा लाभ

खितौला आरओबी के निर्माण से आसपास के 18 से 20 गांवों की लगभग 25 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। अब रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक दिलीप दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button