अब लापरवाही नहीं चलेगी! पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों की ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, अनुपस्थित रहने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई 20 से 22 जुलाई तक जिलेभर में ओएसआर पोर्टल पर डेटा एंट्री और मॉनिटरिंग का चरणबद्ध वर्चुअल प्रशिक्षण, जिला पंचायत सीईओ के सख्त निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अब लापरवाही नहीं चलेगी! पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों की ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, अनुपस्थित रहने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई 20 से 22 जुलाई तक जिलेभर में ओएसआर पोर्टल पर डेटा एंट्री और मॉनिटरिंग का चरणबद्ध वर्चुअल प्रशिक्षण, जिला पंचायत सीईओ के सख्त निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में ओएसआर (OSR) पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि और मॉनिटरिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले के ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों के लिए तीन दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 20 से 22 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से संपन्न होगा।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि की गुणवत्ता में सुधार, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा मॉनिटरिंग प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 जुलाई को जनपद पंचायत कटनी एवं रीठी, 21 जुलाई को बहोरीबंद एवं बड़वारा, जबकि 22 जुलाई को ढीमरखेड़ा एवं विजयराघवगढ़ के ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों की प्रशिक्षण में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण स्थल पर आवश्यक तकनीकी संसाधनों, विशेष रूप से लैपटॉप एवं इंटरनेट सुविधा की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले लोक सेवकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव जिला कार्यालय को तत्काल प्रेषित किया जाए।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से ओएसआर पोर्टल पर कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा, डेटा प्रबंधन अधिक व्यवस्थित बनेगा और ग्रामीण विकास योजनाओं की निगरानी एवं क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूती मिलेगी।



