मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट! जिला पंचायत सीईओ और निगमायुक्त ने स्कूलों से कार्यक्रम स्थल तक तैयारियों का लिया जायजा,सांदीपनि विद्यालय झिंझरी, बहोरीबंद और स्लीमनाबाद में औचक निरीक्षण, बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान प्रदर्शनी और आयोजन संबंधी तैयारियों के दिए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट! जिला पंचायत सीईओ और निगमायुक्त ने स्कूलों से कार्यक्रम स्थल तक तैयारियों का लिया जायजा,सांदीपनि विद्यालय झिंझरी, बहोरीबंद और स्लीमनाबाद में औचक निरीक्षण, बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान प्रदर्शनी और आयोजन संबंधी तैयारियों के दिए निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के साथ सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झिंझरी और बहोरीबंद का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विज्ञान प्रदर्शनी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने विद्यालय परिसर, कक्षों और आयोजन स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्यों एवं शिक्षकों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण होनी चाहिए, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
विद्यालय निरीक्षण के बाद सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर जनपद पंचायत बहोरीबंद के अंतर्गत स्लीमनाबाद पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली और मंच, बैठक व्यवस्था, आवागमन, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार भी मौजूद रहीं और विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
सांदीपनि विद्यालय में निरीक्षण के समय प्राचार्य अजय शंकर पांडे, धीरेंद्र कुमार अग्रवाल सहित विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थलों पर लगातार निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।



