शक्ति से सुरक्षा की ओर” : कटनी में सामुदायिक पुलिस ‘सृजन कार्यक्रम’ का भव्य शुभारंभ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

“शक्ति से सुरक्षा की ओर” : कटनी में सामुदायिक पुलिस ‘सृजन कार्यक्रम’ का भव्य शुभारंभ
कलयुग की कलम कटनी -समुदाय को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत सामुदायिक पुलिस योजना ‘सृजन कार्यक्रम – एक पहल शक्ति से सुरक्षा की ओर’ का शुभारंभ किया गया। यह 15 दिवसीय कार्यक्रम 22 दिसंबर से 5 जनवरी तक मानव जीवन विकास समिति, बिजौरी में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन मानव जीवन विकास समिति के सचिव एवं पर्यावरणविद् श्री निर्भय सिंह के नेतृत्व में, कटनी पुलिस के सहयोग तथा बड़वारा थाना प्रभारी श्री के.के. पटेल की सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ।
मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह ने बताया कि सृजन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आत्मरक्षा, लैंगिक सकारात्मकता, नेतृत्व विकास और क्षमता निर्माण के माध्यम से किशोर-किशोरियों को सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक रुचि बढ़ाने, कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने और सर्वांगीण विकास के लिए निबंध लेखन, भाषण, वाद-विवाद, खेलकूद, चित्रकला एवं दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने साइबर क्राइम, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन चैटिंग से जुड़े खतरों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
थाना प्रभारी श्री के.के. पटेल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस आपके साथ है। जागरूक रहेंगे तो घर, मोहल्ले और गांव को सुरक्षित रख सकेंगे।”
वहीं सहायक उप निरीक्षक श्री रामगोपाल दुबे ने सृजन कार्यक्रम को किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। आरक्षक श्री विकास कुमार मिश्रा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीपक कुशवाहा ने फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित व सकारात्मक उपयोग पर उपयोगी जानकारी दी।इस अवसर पर कार्यक्रम में 38 किशोरों एवं 40 किशोरियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में समिति कार्यकर्ता गुलशन सिंह और रामकिशोर चौधरी का विशेष सहयोग रहा।



