प्रशासनमध्यप्रदेश

स्वामित्व योजना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, शिकायतों पर लापरवाही करने वाले अधिकारियों को नोटिस! सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों पर कलेक्टर सख्त, पीडब्ल्यूडी अधिकारी को नोटिस और भू-अभिलेख अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्वामित्व योजना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, शिकायतों पर लापरवाही करने वाले अधिकारियों को नोटिस! सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों पर कलेक्टर सख्त, पीडब्ल्यूडी अधिकारी को नोटिस और भू-अभिलेख अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। समय-सीमा बैठक में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही और बिना पूरी तैयारी के उपस्थित होने पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को स्वामित्व योजना के निर्धारित कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आबादी भूमि के अधिकार अभिलेखों का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 30 अक्टूबर को ढीमरखेड़ा में आयोजित होने वाले शिविर के लिए चयनित सीएम हेल्पलाइन और लोकसेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती

बैठक में पूरी तैयारी के बिना उपस्थित होने पर कलेक्टर ने सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख चन्द्रभान सिंह के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधीक्षक भू-अभिलेख मुन्नालाल तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

वहीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में उदासीनता बरतने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के उपस्थित अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें

कलेक्टर ने विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने विभाग की लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

महिला-बाल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के पंजीयन, पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों की स्थिति तथा पोषण ट्रैकर में चिन्हित सैम एवं मैम बच्चों की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने संबंधित परियोजना अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े निर्धारित मानकों में अपेक्षित सुधार लाने को कहा।

आयोगों और न्यायालयीन प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने नगर निगम, जिला पंचायत, एसडीएम एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग, मानवाधिकार आयोग, बाल संरक्षण आयोग, लोकायुक्त और सीएम मॉनिट से संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। न्यायालयीन मामलों में समय पर जवाब-दावा प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया।

स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे करें

बैठक में उद्योग, पिछड़ा वर्ग, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं के लंबित और स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने तथा स्वरोजगार योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बलराम महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर ने 28 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होने वाले बलराम महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों को अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में समस्त एसडीएम, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक संचालक शिक्षा राजेश अग्रहरि, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button