कटनी के फरसी पत्थर को मिलेगी नई पहचान, उद्योगों के विस्तार से खुलेंगे विकास के रास्ते! कलेक्टर आशीष तिवारी ने खदानों का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार और नए उद्योगों की स्थापना पर दिया जोर,जन विश्वास अभियान के तहत खदान संचालकों से सीधा संवाद, श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी के फरसी पत्थर को मिलेगी नई पहचान, उद्योगों के विस्तार से खुलेंगे विकास के रास्ते! कलेक्टर आशीष तिवारी ने खदानों का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार और नए उद्योगों की स्थापना पर दिया जोर,जन विश्वास अभियान के तहत खदान संचालकों से सीधा संवाद, श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिले के फरसी पत्थर उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीठी तहसील क्षेत्र में संचालित फरसी पत्थर की खदानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन प्रक्रिया, पत्थर की गुणवत्ता, उत्पादन, कारोबार की आर्थिक स्थिति और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
खनन प्रक्रिया से लेकर आर्थिक स्थिति तक की पड़ताल
खदानों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तिवारी ने पत्थर खनन की तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं को समझा। उन्होंने ब्लॉक कटिंग की विधि, रोप के माध्यम से पत्थर की कटाई, पत्थर की वास्तविक रिकवरी और खदान संचालकों की आर्थिक स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संचालकों से चर्चा कर उत्पादन के दौरान आने वाली समस्याओं और व्यवसाय से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को भी समझा।
गुणवत्ता बढ़ाने और नए उद्योग स्थापित करने पर जोर
कलेक्टर ने खदान संचालकों से संवाद करते हुए फरसी पत्थर की गुणवत्ता में सुधार, उसके बेहतर उपयोग और बाजार में मांग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने जिले में फरसी पत्थर आधारित नए उद्योग स्थापित करने तथा वर्तमान में संचालित इकाइयों के विस्तार की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे, बल्कि रोजगार के अवसरों में वृद्धि और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
शारदा लोक सहित बड़े निर्माण कार्यों में उपयोग की संभावनाएं तलाशें
कलेक्टर आशीष तिवारी ने खदान संचालकों को सुझाव दिया कि मैहर में निर्माणाधीन शारदा लोक सहित अन्य धार्मिक स्थलों और बड़े भवन निर्माण परियोजनाओं में कटनी के फरसी पत्थर के उपयोग की संभावनाएं तलाशें। इससे स्थानीय पत्थर की पहचान व्यापक स्तर पर स्थापित करने और इसके लिए नए बाजार विकसित करने में मदद मिल सकती है।
श्रमिक सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खदानों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने खदान संचालकों को निर्देश दिए कि श्रमिकों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। खनन कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
खनिज विभाग का अमला रहा मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी) ज्योति सिंह, खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमलकांत परस्ते सहित खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और खदान संचालक उपस्थित रहे।



