कटनी पुलिस का महाअभियान: रातभर चली ‘कांबिंग गश्त’, 122 वारंटी दबोचे 190 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा, बदमाशों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश; अवैध हथियार, शराब और हुड़दंगियों पर कसा शिकंजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी पुलिस का महाअभियान: रातभर चली ‘कांबिंग गश्त’, 122 वारंटी दबोचे 190 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा, बदमाशों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश; अवैध हथियार, शराब और हुड़दंगियों पर कसा शिकंजा
कलयुग की कलम कटनी – जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात व्यापक स्तर पर रात्रिकालीन कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान पूरे जिले में अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। अभियान के परिणामस्वरूप 122 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जिससे अपराध जगत में खलबली मच गई।
अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें सीएसपी नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और 190 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने रातभर विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अपराधियों की तलाश की और उनकी गतिविधियों की निगरानी की।
कार्रवाई के दौरान 34 स्थाई वारंट एवं 53 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 35 जमानती वारंट और 68 समंस भी तामील कराए गए। पुलिस ने 38 गुंडों और 37 निगरानी बदमाशों के घरों पर पहुंचकर उनका सत्यापन किया तथा भविष्य में आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। एक जिलाबदर अपराधी की भी जांच की गई।
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार रखने वाले सात आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक सेवन के मामलों में 17 प्रकरण दर्ज किए गए। वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले पांच चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 44 चालान बनाए गए।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस दौरान कई व्यक्तियों को पाबंद किया गया तथा संभावित उपद्रवियों पर निगरानी रखी गई।
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन, मुड़वारा एवं सलैया रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा जांच अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा यात्रियों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कटनी पुलिस का यह विशेष अभियान जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त संदेश माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



