कटनी: कलेक्टर श्री तिवारी का बहोरीबंद दौरा—जनगणना प्रशिक्षण का अवलोकन, साइलो केंद्र व खरीदी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण,सांदीपनी विद्यालय पहुंचे, फिर सलैया पटोरी साइलो केंद्र सहित रीठी के उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी: कलेक्टर श्री तिवारी का बहोरीबंद दौरा—जनगणना प्रशिक्षण का अवलोकन, साइलो केंद्र व खरीदी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण,सांदीपनी विद्यालय पहुंचे, फिर सलैया पटोरी साइलो केंद्र सहित रीठी के उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण
कलयुग की कलम बहोरीबंद – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने गुरुवार को बहोरीबंद क्षेत्र के दौरे के दौरान एक ओर जहां सांदीपनी विद्यालय में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्य का अवलोकन किया, वहीं दूसरी ओर सलैया पटोरी साइलो केंद्र एवं रीठी के खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सांदीपनी विद्यालय में जनगणना प्रशिक्षण की समीक्षा
कलेक्टर श्री तिवारी ने सांदीपनी विद्यालय पहुंचकर जनगणना प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में दर्ज छात्रों की संख्या की जानकारी ली। प्राचार्य ने बताया कि वर्तमान में 809 छात्र नामांकित हैं तथा आसपास के 10 स्कूलों को यहां मर्ज करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे छात्र संख्या में और वृद्धि होगी।
इस दौरान एसडीएम बहोरीबंद श्री राकेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार श्री आशीष अग्रवाल एवं जनगणना के मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।
साइलो केंद्र व खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण
कलेक्टर ने सलैया पटोरी स्थित आधुनिक साइलो केंद्र और रीठी, देवगांव व तिलगवा उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन कार्य में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
कड़ी धूप के बावजूद कलेक्टर ने पूरे साइलो केंद्र का भ्रमण कर किसानों से संवाद किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसानों ने नई प्रणाली को तेज, सरल और पारदर्शी बताया।
किसानों को मिल रही आधुनिक सुविधाएं
साइलो केंद्र में पंजीयन व तौल की डिजिटल व्यवस्था
ट्रॉली से सीधे तौल और भंडारण की सुविधा
अनावश्यक प्रतीक्षा में कमी
सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण
कलेक्टर ने कंप्यूटर ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं पर जोर
रीठी के केन्द्रों में कलेक्टर ने छाया, पेयजल, तौल कांटे, सिलाई मशीन, इंटरनेट, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
साइलो केंद्र की कार्यप्रणाली
साइलो केंद्र में टोकन प्रणाली के आधार पर किसानों को प्रवेश दिया जाता है। गुणवत्ता परीक्षण के बाद क्यूआर कोड जारी कर तौल और डंपिंग की प्रक्रिया पूरी की जाती है। यहां बैगर मशीन और क्रेन सिस्टम के माध्यम से गेहूं का भंडारण किया जा रहा है।
केंद्र की क्षमता प्रतिदिन करीब 20 हजार क्विंटल है और दो दिनों में 10 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी हो चुकी है।
समर्थन मूल्य व बोनस
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं की खरीदी 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं 40 रुपये बोनस सहित कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। किसानों से साफ-सुथरा गेहूं लाने की अपील की गई है।



