नारी शक्ति का सम्मान: बड़वारा-रीठी में गूंजा सशक्तिकरण का संदेश, 250 महिलाओं का हुआ अभिनंदन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

नारी शक्ति का सम्मान: बड़वारा-रीठी में गूंजा सशक्तिकरण का संदेश, 250 महिलाओं का हुआ अभिनंदन
कलयुग की कलम बड़वारा – नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी पहल देखने को मिली। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न विकासखंडों में नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
बड़वारा: 250 महिलाओं का सम्मान, जागरूकता रैली भी निकली
विकासखंड बड़वारा के जनपद पंचायत सभागार में आयोजित सम्मेलन में विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह के मुख्य आतिथ्य में 250 महिलाओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से कुपोषण से सुपोषण की ओर बढ़े बच्चों की माताओं को मंच पर सम्मानित कर प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग और मानव जीवन विकास समिति, बिजोरी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। विधायक ने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए रैली में सहभागिता कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
इस दौरान पर्यावरणविद् एवं समिति सचिव श्री निर्भय सिंह, श्री अनुराग गुप्ता, श्री महेंद्र जायसवाल, परियोजना अधिकारी श्री इंद्र कुमार साहू, थाना प्रभारी श्री के.के. पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
रीठी: महिला जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान
विकासखंड रीठी के पंचायत सभागार में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में महिला जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत रीठी के सरपंच श्री हनीफ खान द्वारा श्रीमती फरीदा बेगम एवं श्रीमती प्रीति सेन को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती सुलोचना महोबिया सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
उद्देश्य स्पष्ट: सशक्त महिला, सशक्त समाज
नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सम्मान, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि समाज में उनकी भागीदारी और सशक्त भूमिका सुनिश्चित हो सके।



