दो ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहा था 20 किलो गांजा, स्लीमनाबाद पुलिस ने तेवरी में दबोचा तस्कर,मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, 2.10 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दो ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहा था 20 किलो गांजा, स्लीमनाबाद पुलिस ने तेवरी में दबोचा तस्कर,मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, 2.10 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद– जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को लगभग 20 किलो 548 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दो ट्रॉली बैग में गांजा भरकर तेवरी स्थित यात्री प्रतीक्षालय में बैठा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और उसके कब्जे से करीब 2.10 लाख रुपये कीमत का गांजा जब्त किया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक तेवरी गांव में राज स्वीट कॉर्न कैफे के समीप बने यात्री प्रतीक्षालय में दो ट्रॉली बैग के साथ बैठा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुदेश सुमन के नेतृत्व में उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवक से पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अभिषेक यादव (26 वर्ष), पिता तूफानी यादव, निवासी ग्राम घुघरी, थाना स्लीमनाबाद बताया। पुलिस द्वारा ट्रॉली बैगों की तलाशी लेने पर बड़े बैग से 13 पैकेट और छोटे बैग से 7 पैकेट गांजा बरामद हुआ। मौके पर कराई गई तौल में कुल 20 किलो 548 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की खरीद-फरोख्त और इसके संभावित नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



