प्रशासनमध्यप्रदेश

15 से 20 अगस्त तक गांव-गांव लगेगी ग्राम सभा, विकास और जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

15 से 20 अगस्त तक गांव-गांव लगेगी ग्राम सभा, विकास और जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा

कलयुग की कलम कटनी – जिले के सभी ग्रामों में 15 से 20 अगस्त 2026 के बीच ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाएं पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार संबंधित स्थाई नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित होंगी। जिला प्रशासन ने ग्राम सभाओं के सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल से जारी निर्देशों तथा मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 6, मध्यप्रदेश ग्राम सभा (सम्मिलन की प्रक्रिया) नियम, 2001 एवं मध्यप्रदेश पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों का विस्तार) नियम, 2022 में निर्धारित प्रावधानों के तहत ग्राम सभाओं के आयोजन के संबंध में आदेश जारी किया है।

कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायतों में नियुक्त नोडल अधिकारियों के साथ सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को ग्राम सभा के आयोजन से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम सभा के दौरान निर्धारित एजेंडे के अनुरूप स्थानीय स्तर के विकास कार्यों, योजनाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

ग्राम सभाओं के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 15 से 20 अगस्त के बीच होने वाली ग्राम सभाओं की जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।

उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ग्राम सभा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण ग्राम सभा में सहभागिता कर सकें। अधिकारियों को आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ग्राम सभाओं का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले के प्रत्येक ग्राम में होने वाली ग्राम सभाओं को ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button