कर्तव्यनिष्ठा का मिला सम्मान: कटनी पुलिस के पदोन्नत अधिकारियों का एसपी ने किया अभिनंदन, कहा— जनसेवा और निष्पक्षता ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कर्तव्यनिष्ठा का मिला सम्मान: कटनी पुलिस के पदोन्नत अधिकारियों का एसपी ने किया अभिनंदन, कहा— जनसेवा और निष्पक्षता ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान
कलयुग की कलम कटनी – पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय सम्मान समारोह में कार्यवाहक निरीक्षक से निरीक्षक तथा उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए अधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने कहा कि पदोन्नति केवल पद का परिवर्तन नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और विश्वास का विस्तार भी है। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ करें तथा आमजन के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, पारदर्शिता और समर्पित कार्यशैली ही एक पुलिस अधिकारी की वास्तविक पहचान होती है।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की कामना की। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और नई जिम्मेदारियों के संकल्प से ओतप्रोत रहा।



