प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी के चार जनपद सीईओ बने उपायुक्त (विकास), जिला पंचायत सीईओ ने दी बधाई और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी के चार जनपद सीईओ बने उपायुक्त (विकास), जिला पंचायत सीईओ ने दी बधाई और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं

कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत कटनी जिले में पदस्थ चार मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को उपायुक्त (विकास) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि से जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों के प्रशासनिक अमले में उत्साह का माहौल है।

जारी आदेश के अनुसार जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, जनपद पंचायत रीठी के राजेश नरेंद्र सिंह, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के यजुवेंद्र कोरी तथा जनपद पंचायत बड़वारा की प्रभा तेकाम को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से स्थापन्न आधार पर उपायुक्त (विकास) के पद पर पदोन्नत किया गया है।

चारों अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ग्रामीण विकास, पंचायत संचालन, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनहित से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पदोन्नति को उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा योगदान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी अधिकारी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समन्वय से विकास कार्यों को गति देंगे।

सुश्री कौर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव और कार्यशैली के बल पर विकास कार्यों को नई दिशा देंगे तथा शासन और जिला प्रशासन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

पदस्थापना एवं पदोन्नति के इस आदेश के बाद जिले के प्रशासनिक एवं पंचायत महकमे में हर्ष का वातावरण है तथा विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी चारों अधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button